Players · Multicultural cricket · Part 3 of 4
In English: Hasrat Gill was born in Amritsar in 2005 and moved to Melbourne at three. She started at Lynbrook Cricket Club, captained Victoria’s under-15s, earned a Victorian rookie contract for 2024-25, took 3/12 on debut for the Melbourne Stars in October 2024 and was vice-captain of Australia at the 2025 Under-19 T20 World Cup. Behind her, the numbers are growing: South Asian girls aged 5 to 12 rose 8% to 5,346 in 2024-25, and make up 25% of girls in under-12 national talent programs. In May 2026 the Cricket Victoria Foundation ran its first Cricket and Culture Leadership Camp for 22 young South Asian women.
अमृतसर। 2005।
एक बच्ची का जन्म होता है। तीन साल की उम्र में परिवार उसे लेकर मेलबर्न आ जाता है।
19 साल बाद वही लड़की अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की उप-कप्तान थी।
उसका नाम है हसरत गिल। और उसकी कहानी अकेली नहीं है।
लिनब्रुक से वर्ल्ड कप तक
हसरत का क्रिकेट मेलबर्न के दक्षिण-पूर्व में लिनब्रुक क्रिकेट क्लब से शुरू हुआ। SBS के मुताबिक़ जब वो 11 साल की थीं, तब उनके कोच एल्डो कर्नर ने उनमें कुछ ख़ास देखा: एक ऐसी लड़की जो एक इंच भी पीछे नहीं हटती थी।
फिर सीढ़ियाँ चढ़ती गईं। 13 साल की उम्र तक मेलबर्न क्रिकेट क्लब की एकेडमी। 2019-20 में विक्टोरिया की अंडर-15 टीम की कप्तान। 2023-24 में MCC के लिए सबसे ज़्यादा रन और सबसे ज़्यादा विकेट। और फिर 2024-25 के लिए विक्टोरिया का रूकी कॉन्ट्रैक्ट।
अक्टूबर 2024 में मेलबर्न स्टार्स के लिए अपने पहले ही मैच में 12 रन देकर 3 विकेट। और 2025 के अंडर-19 T20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की उप-कप्तान।
कौन हैं हसरत? बाएँ हाथ की बल्लेबाज़ और लेग स्पिनर, यानी ऑलराउंडर। क्रिकेट विक्टोरिया उन्हें ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम की राह पर मानता है।
SBS से बात करते हुए हसरत ने कहा था कि उन्हें “दो संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व” करने पर गर्व है। उनकी माँ जगरूप कौर गिल के मुताबिक़ परिवार में इस स्तर तक पहुँचने वाली वो पहली लड़की हैं, और सालों तक उनके पिता उन्हें प्रैक्टिस में गेंदें डालते रहे।
लेकिन असली सवाल यह है: हसरत के पीछे कितनी लड़कियाँ हैं?
पीछे आ रही है पूरी पीढ़ी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के 2024-25 सेंसस के आँकड़े जवाब देते हैं। 5 से 12 साल की दक्षिण एशियाई लड़कियों की संख्या 8% बढ़कर 5,346 हुई। बच्चों के प्रोग्राम वूलवर्थ्स क्रिकेट ब्लास्ट में दक्षिण एशियाई लड़कियाँ 11% बढ़कर 4,909 हो गईं।
और सबसे बड़ा आँकड़ा: अंडर-12 नेशनल टैलेंट प्रोग्राम की हर चार में से एक लड़की दक्षिण एशियाई मूल की है।
22 लड़कियाँ, दो दिन
मई 2026 में क्रिकेट विक्टोरिया फ़ाउंडेशन ने कुछ नया किया। फ़िलिप्स फ़ाउंडेशन के साथ मिलकर क्षेत्रीय विक्टोरिया में पहला क्रिकेट एंड कल्चर लीडरशिप कैंप लगाया गया।
इसमें 22 दक्षिण एशियाई युवतियाँ आईं, जिन्हें क्रिकेट विक्टोरिया की कम्युनिटी टीम ने अपने-अपने क्लबों और एसोसिएशनों की उभरती लीडर के तौर पर चुना था।
दो दिन में सिर्फ़ क्रिकेट नहीं हुआ। पब्लिक स्पीकिंग, डिबेट, अमेज़िंग रेस जैसी चुनौती, रोप्स कोर्स, और पहचान और अपनेपन पर बातचीत, जिसमें खेल, परिवार और समुदाय की उम्मीदों के बीच संतुलन के दबाव पर भी चर्चा हुई।
एक प्रतिभागी ने कहा कि कैंप ने उसे अपनी संस्कृति की और क़द्र करना सिखाया। दूसरी ने कहा कि उसकी सबसे बड़ी सीख यह थी कि दक्षिण एशियाई लड़कियों की भी आवाज़ है।
क्रिकेट विक्टोरिया फ़ाउंडेशन के प्रमुख बेन ब्रेनन ने इसे एक वाक्य में कहा: “These young women arrived as individuals and left as a community.”
GIRLS IN THE PIPELINE
5,346 · South Asian girls aged 5-12, 2024-25 (+8%)
4,909 · South Asian girls in Woolworths Cricket Blast (+11%)
25% · South Asian share of girls in U12 national talent programs
22 · Young women at Cricket Victoria’s first Cricket and Culture camp, May 2026
कल पढ़िए
रवि शास्त्री, लीसा स्थालेकर, वसीम अकरम, और भारत में ऑस्ट्रेलिया के दो पूर्व हाई कमिश्नर। ये सब एक ही टीम में क्या कर रहे हैं? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लगभग 60 “राजदूतों” की कहानी, कल।
Sources: SBS News, Hasrat Gill · Cricket Victoria player profile · Cricket Victoria, leadership camp · The Australia Today · The Indian Sun, 2024-25 census. Spotted an error? Email hitesh@kricketed.com and we will correct it with a dated note.

Leave a Reply