Players · Multicultural cricket · Part 2 of 4
In English: At 11, Aryan Sharma was at the MCG for the 2018 Boxing Day Test holding a poster reading “Virat, you are my inspiration”. Kohli made 82 and India won by 137 runs. In September 2025 the Carlton batter and left-arm spinner made his Australia Under-19 debut against India in Brisbane, and he went on to the 2026 Under-19 World Cup, where Australia finished third and India won the title. He is part of a wave of Indian-heritage players in Australia’s youth teams, including NSW’s John James and Yash Deshmukh, and before them Harjas Singh and Harkirat Bajwa at the 2024 Under-19 World Cup.
दिसंबर 2018। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड। बॉक्सिंग डे टेस्ट, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया।
स्टैंड में हज़ारों भारतीय फ़ैंस। और उनके बीच एक 11 साल का लड़का, हाथ में एक पोस्टर:
“Virat, you are my inspiration.”
उस मैच में विराट कोहली ने 82 रन बनाए, और भारत 137 रन से जीता। लड़का घर लौटा एक सपना लेकर।
सात साल बाद, वो सपना एक जर्सी बन गया। लेकिन किस देश की?
आर्यन शर्मा
उस लड़के का नाम है आर्यन शर्मा। मेलबर्न के कार्लटन क्रिकेट क्लब के बल्लेबाज़ और लेफ़्ट-आर्म स्पिनर।
सितंबर 2025 में, 17 साल की उम्र में, आर्यन को ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम में चुना गया। और सामने कौन था? भारत। ब्रिस्बेन में भारत अंडर-19 के ख़िलाफ़ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू किया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एक पोस्ट में आर्यन ने अपनी कहानी ख़ुद बताई: कोहली ने ही उन्हें क्रिकेट खेलने और देश के लिए खेलने का सपना देखने की प्रेरणा दी। 2018 का वो MCG दौरा उनके लिए “सपना” था।
सोचिए: जिस खिलाड़ी को देखकर क्रिकेट शुरू किया, उसी के देश के ख़िलाफ़ डेब्यू। भारतीय मूल के कई ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों की यही कहानी है: दिल में दोनों देश, जर्सी एक।
वर्ल्ड कप तक का सफ़र
आर्यन यहीं नहीं रुके। जनवरी-फ़रवरी 2026 में ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय टीम में उनका नाम था।
ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप और सुपर सिक्स के सातों मैच जीते और सेमीफ़ाइनल तक पहुँचा। टूर्नामेंट में टीम तीसरे स्थान पर रही।
और ख़िताब किसने जीता? भारत ने, फ़ाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर, रिकॉर्ड छठी बार।
वो अकेले नहीं हैं
भारत के ख़िलाफ़ उस सीरीज़ की ऑस्ट्रेलियाई टीम में दो और भारतीय मूल के नाम थे: न्यू साउथ वेल्स के यश देशमुख (फ़ेयरफ़ील्ड लिवरपूल क्लब) और जॉन जेम्स (नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्लब)। राइट-आर्म मीडियम पेस ऑलराउंडर जॉन जेम्स भी आर्यन के साथ वर्ल्ड कप टीम में थे।
और यह सिलसिला नया नहीं है। 2024 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम में भारतीय मूल के दो खिलाड़ी थे: हरकीरत बाजवा और हरजस सिंह। हरजस ने भारत के ख़िलाफ़ फ़ाइनल में सबसे बड़ी पारी खेली, और ऑस्ट्रेलिया चैंपियन बना।
THE NEXT GENERATION
Aryan Sharma · VIC (Carlton) · batter, left-arm spin · U19 WC 2026
John James · NSW (Northern Districts) · medium-pace all-rounder · U19 WC 2026
Yash Deshmukh · NSW (Fairfield Liverpool) · U19 v India 2025
Harjas Singh · NSW · top score in 2024 U19 WC final
Harkirat Bajwa · U19 WC 2024 squad
इसका मतलब
कल हमने बताया था कि ऑस्ट्रेलिया के अंडर-12 नेशनल टैलेंट प्रोग्राम में 43% लड़के दक्षिण एशियाई मूल के हैं। आर्यन, जॉन और यश उसी लहर की पहली बड़ी तस्वीर हैं।
और कौन जानता है, शायद अगली बार MCG पर कोई बच्चा पोस्टर लेकर खड़ा होगा: “Aryan, you are my inspiration.”
कल पढ़िए
अमृतसर में जन्मी, तीन साल की उम्र में मेलबर्न आई, और अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की उप-कप्तान बनी। लड़कियों की कहानी, और क्रिकेट विक्टोरिया का वो कैंप जिसने 22 दक्षिण एशियाई लड़कियों की ज़िंदगी बदल दी।
Sources: CricTracker, Aryan Sharma and Kohli · cricket.com.au, U19 squad v India · ETV Bharat, U19 World Cup squad · 2026 U19 World Cup results · Indian Link. Spotted an error? Email hitesh@kricketed.com and we will correct it with a dated note.

Leave a Reply