Kricketed

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट, हिंदी में


WBBL के 6 यादगार मैच, जिन्होंने इतिहास लिखा

WBBL history · Before WBBL|12

In English: Six WBBL matches that still stand out: the Sixers’ record 242, Grace Harris’s 42-ball hundred, Smriti Mandhana’s century in a losing cause, the Stars bowled out for 29, Lizelle Lee’s record 150 not out, and the Renegades’ journey from last to champions in 12 months.

दस सीज़न, सैकड़ों मैच। लेकिन कुछ मुक़ाबले ऐसे होते हैं जिन्हें फ़ैंस सालों तक याद रखते हैं। WBBL|12 शुरू होने से पहले, नज़र डालते हैं उन छह मैचों पर जिन्होंने इस लीग का इतिहास लिखा।

1. जब छक्कों की बारिश हुई: 242 रन

सिडनी सिक्सर्स v मेलबर्न स्टार्स · 9 दिसंबर 2017 · नॉर्थ सिडनी ओवल

उसी दिन सिडनी थंडर ने 200 रन बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया था। कुछ घंटे बाद, उसी मैदान पर, सिक्सर्स ने उसे पीछे छोड़ दिया। एशली गार्डनर ने 52 गेंदों पर 114 रन ठोके, जिसमें 10 छक्के थे। एलिस पेरी 49 गेंदों पर 91 रन बनाकर नाबाद रहीं। सिक्सर्स ने 4 विकेट पर 242 रन बनाए और 86 रन से जीत दर्ज की। मैच में कुल 398 रन बने, जो उस समय WBBL का रिकॉर्ड था।

2. 42 गेंदों का शतक

ब्रिस्बेन हीट v मेलबर्न स्टार्स · 19 दिसंबर 2018 · द गाबा

133 रन का लक्ष्य था। ग्रेस हैरिस ने इसे खेल बना दिया। उन्होंने 23 गेंदों में अर्धशतक और 42 गेंदों में शतक पूरा किया, जो आज भी WBBL का सबसे तेज़ शतक है। हीट ने बिना कोई विकेट गँवाए सिर्फ़ 10.5 ओवर में मैच जीत लिया। हैरिस 101 रन पर नाबाद रहीं।

3. स्मृति मंधाना का ऐतिहासिक शतक

सिडनी थंडर v मेलबर्न रेनेगेड्स · नवंबर 2021

भारतीय फ़ैंस के लिए सबसे यादगार मैच। स्मृति मंधाना ने 64 गेंदों पर नाबाद 114 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के थे। वे WBBL में शतक लगाने वाली पहली भारतीय बनीं, और उनका स्कोर उस समय लीग के सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर के बराबर था। लेकिन क्रिकेट कभी-कभी बेरहम होता है: थंडर 2 विकेट पर 171 रन ही बना सकी और रेनेगेड्स 4 रन से जीत गईं।

उसी सीज़न एक और भारतीय इतिहास: रेनेगेड्स की हरमनप्रीत कौर WBBL|07 की प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट चुनी गईं। यह अवॉर्ड जीतने वाली वे पहली भारतीय थीं। उन्होंने 399 रन बनाए और 15 विकेट लिए।

4. 29 रन पर ऑल आउट

एडिलेड स्ट्राइकर्स v मेलबर्न स्टार्स · 21 अक्टूबर 2023 · कैरेन रोल्टन ओवल

स्ट्राइकर्स ने 177 रन बनाए, जिसमें केटी मैक (86) और लॉरा वोल्वार्ट (47) की 135 रन की ओपनिंग साझेदारी थी। फिर जो हुआ, उस पर किसी को यक़ीन नहीं हुआ। कप्तान मेग लैनिंग की टीम स्टार्स सिर्फ़ 57 गेंदों में 29 रन पर ढेर हो गई। यह महिलाओं के प्रोफ़ेशनल T20 क्रिकेट का सबसे छोटा स्कोर बना, और 148 रन की हार WBBL इतिहास में रनों के लिहाज़ से सबसे बड़ी हार।

5. लिज़ेल ली के 150

होबार्ट हरिकेन्स v पर्थ स्कॉर्चर्स · 10 नवंबर 2024 · सिडनी क्रिकेट ग्राउंड

दक्षिण अफ़्रीका की लिज़ेल ली ने 75 गेंदों पर नाबाद 150 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 12 छक्के थे। उन्होंने पारी की आख़िरी गेंद पर 150 पूरे किए। यह WBBL का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। हरिकेन्स ने 3 विकेट पर 203 रन बनाए और स्कॉर्चर्स 131 पर सिमट गई।

6. आख़िरी से पहले नंबर तक

WBBL|10 फ़ाइनल · मेलबर्न रेनेगेड्स v ब्रिस्बेन हीट · 1 दिसंबर 2024 · MCG

एक साल पहले रेनेगेड्स तालिका में सबसे नीचे थीं। बारह महीने बाद वे MCG पर फ़ाइनल खेल रही थीं। हेली मैथ्यूज़ ने 61 गेंदों पर 69 रन बनाए, जो WBBL फ़ाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, और रेनेगेड्स ने 9 विकेट पर 141 रन बनाए। बारिश के बाद हीट को 12 ओवर में 98 रन का लक्ष्य मिला। आख़िरी ओवर में 19 रन चाहिए थे, और सोफ़ी मॉलिनू ने उन्हें बचा लिया। रेनेगेड्स ने DLS से 7 रन से जीतकर अपना पहला ख़िताब जीता।

इस बार यही मॉलिनू ऑस्ट्रेलिया की कप्तान हैं, और 29 अक्टूबर को रेनेगेड्स WBBL|12 का पहला मैच खेलेंगी। कौन जानता है, शायद इस सीज़न भी कोई ऐसा मैच हो जिसे हम सालों तक याद रखें।

Records and scores from cricket.com.au and official WBBL scorecards. Spotted an error? Email hitesh@kricketed.com and we will correct it with a dated note.

Leave a Reply